ICC के दबाव में बदले PCB के सुर

ICC के दबाव में बदले PCB के सुर

ICC के दबाव में बदले PCB के सुर: 10 दिन में ही भारत से मैच खेलने को क्यों तैयार हुआ पाकिस्तान?

HighLights:

  • 15 फरवरी को कोलंबो में तय है भारत-पाकिस्तान का मुकाबला

  • PCB जल्द कर सकता है आधिकारिक ऐलान

  • ICC के सख्त रुख के आगे पाकिस्तान को झुकना पड़ा

स्पोर्ट्स, नई दिल्ली।
ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी सस्पेंस बना हुआ था। पहले पाकिस्तान ने इस मुकाबले के बहिष्कार की बात कही थी, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि उसे अपना रुख बदलना पड़ रहा है। खबरें हैं कि 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला यह मैच अब तय समय पर खेला जा सकता है और PCB जल्द इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर सकता है।

करीब 10 दिन पहले तक पाकिस्तान इस मैच को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए था, लेकिन ICC के कड़े रवैये और उनकी मांगों को ठुकराए जाने के बाद हालात बदल गए। अब पाकिस्तान के पास पीछे हटने के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं बचे।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत बांग्लादेश से हुई थी। जब बांग्लादेश टीम ने भारत में टी-20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार किया, तब यह मुद्दा धीरे-धीरे बड़ा होता चला गया। इसी बीच पाकिस्तान भी इस मामले में कूद पड़ा और बात को और तूल दे दिया।

इसके बाद ICC ने सख्त कदम उठाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला लिया। यहीं से पाकिस्तान ने नया पैंतरा चलना शुरू किया।

पहले दी बहिष्कार की धमकी

1 फरवरी को पाकिस्तान ने कहा था कि वह टी-20 वर्ल्ड कप में तो हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। इस फैसले के पीछे राजनीतिक माहौल और कुछ अन्य कारण बताए गए। बाद में पाकिस्तान सरकार ने भी इस फैसले को समर्थन दिया।

हालांकि ICC ने इस पर कड़ा रुख अपनाया और साफ कर दिया कि टूर्नामेंट के नियम सब पर बराबर लागू होते हैं। इसके बाद PCB ने मैच खेलने के बदले ICC के सामने कई शर्तें रख दीं।

पाकिस्तान ने रखी थीं ये मांगें

पाकिस्तान की तरफ से जो शर्तें सामने आईं, उनमें शामिल था –

  • बांग्लादेश को पूरा राजस्व हिस्सा दिया जाए

  • अगले ICC साइकिल में बांग्लादेश को एक बड़ा इवेंट मिले (जैसे अंडर-19 वर्ल्ड कप)

  • भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज फिर से शुरू हो

  • टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं

ICC ने क्या दिया जवाब?

ICC ने इन मांगों पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा कि द्विपक्षीय सीरीज या किसी देश का दौरा तय करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। कुछ मामलों पर विचार करने की बात जरूर कही गई, लेकिन ज्यादातर मांगों को खारिज कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, ICC ने PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी को 24 घंटे का समय दिया कि वे अपनी सरकार से बात करके अंतिम फैसला बताएं। इसके बाद से पाकिस्तान का रुख नरम पड़ता नजर आ रहा है।

अब क्यों बदला पाकिस्तान का फैसला?

ICC के दबाव, टूर्नामेंट से जुड़ी शर्तों और संभावित नुकसान को देखते हुए पाकिस्तान को अपना स्टैंड बदलना पड़ा। अब खबर है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए तैयार हो गया है, बस आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

अगर सब तय रहा, तो 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा, जिसका इंतजार दुनियाभर के क्रिकेट फैंस कर रहे हैं।

ये भी पढ़े- ICC vs PCB: इंडिया से मैच बॉयकॉट पर पाकिस्तान का यू-टर्न? लेकिन रखीं 3 बड़ी शर्तें
 

0 Comments:

    No comments yet. Be the first to comment!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *