HighLights
15 फरवरी को कोलंबो में होगा भारत-पाक का बड़ा मुकाबला
पाकिस्तान के लिए भारत को हराना आसान नहीं होगा: सौरव गांगुली
गांगुली ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान की संभावनाओं पर जताया शक
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों का आमना-सामना क्रिकेट के लिए हमेशा अच्छा रहता है, लेकिन पाकिस्तान के लिए भारत को हराना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा।
15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला पहले से ही चर्चा में है। गांगुली का मानना है कि टीम इंडिया इस समय काफी मजबूत है और बड़े मैचों में उसका अनुभव उसे बढ़त दिलाता है।
गांगुली ने साफ शब्दों में कहा कि भारत की टीम संतुलित और मजबूत है, इसलिए पाकिस्तान के लिए जीत हासिल करना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार पाकिस्तान को सेमीफाइनल तक पहुंचते हुए भी नहीं देख रहे हैं।
उनके मुताबिक, सेमीफाइनल में जगह बनाने की सबसे ज्यादा संभावना भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड या इंग्लैंड जैसी टीमों की है।
एसोसिएट देशों की भी की तारीफ
सौरव गांगुली ने टी-20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट देशों के प्रदर्शन की भी जमकर सराहना की। उन्होंने नेपाल, नीदरलैंड्स, स्कॉटलैंड और अमेरिका जैसी टीमों का जिक्र करते हुए कहा कि ये टीमें अब बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर दे रही हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि नेपाल इंग्लैंड के खिलाफ जीत के काफी करीब पहुंच गया था, जो यह दिखाता है कि छोटी टीमें भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
गांगुली का मानना है कि अगर इन टीमों को लगातार बड़े टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलता रहा, तो आने वाले समय में ये और मजबूत होकर सामने आएंगी और इंटरनेशनल क्रिकेट का स्तर और भी बेहतर होगा।
No comments yet. Be the first to comment!